कोलकाता स्थित भारत रिलीफ सोसाइटी अपने समाजसेवी कार्यों के लिए विख्यात है। यह सोसाइटी विगत चार दशकों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कई अभियान चला रही है, जिसमें एक है ‘ज्ञान यज्ञ समारोह’। ‘ज्ञान यज्ञ समारोह’ सोसाइटी के इस लोकप्रिय आदर्श ‘सबको शिक्षा मिले और अर्थाभाव में कोई शिक्षा से वंचित नहीं रहे’ की भावना से संचालित होता है। इसी उद्देश्य से सोसाइटी पिछले 37 वर्षों से छात्रों के बीच पाठ्य पुस्तक वितरण करती आ रही है। प्रभा खेतान फाउंडेशन इस अभियान में सोसाइटी की सहायता करता है।
इसी कड़ी में पिछले दिनों टांटिया हाई स्कूल के सभागार सैयद शाली लेन में प्रभा खेतान फाउण्डेशन ने ‘एजुकेशन फॉर ऑल ट्रस्ट’ के साथ मिलकर 28 स्कूलों के लगभग 1500 छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं। छात्रों को मंच पर एक-एक करके बुलाया गया एवं उन्हें सोसाइटी द्वारा बनाये गये विशेष बैग में उनकी सभी पाठ्य पुस्तकें भेंट की गई। इस कार्यक्रम के विशेष अतिथि सांसद सुदीप बंधोपाध्याय थे। उन्होंने 25 छात्रों को अपने हाथों से किताबें दीं। अन्य विद्यार्थियों को कार्यक्रम के अन्य सम्मानित अतिथि एवं सोसाइटी के पदाधिकारियों ने पुस्तकें प्रदान कीं।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसाइटी के अध्यक्ष संदीप शाह ने की। प्रधान सचिव विश्वम्भर नेवर भी इस वितरण समारोह में उपस्थित थे। प्रभा खेतान फाउंडेशन की ओर से सुमित्रा दे एवं मोहन कुमार ने भी कुछ छात्रों को पाठ्य पुस्तकें प्रदान कीं। टांटिया हाई स्कूल के सचिव कैलाश शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
पाठ्य पुस्तक वितरण कार्य के विभागीय सचिव नाथूराम गुप्ता के मुताबिक मुख्य आयोजन में ही यह व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई थी कि इस अभियान से संबद्ध सभी 1500 छात्र दो सप्ताह के अन्दर जकड़िया स्ट्रीट स्थित भारत रिलीफ सोसाइटी के मुख्यालय सोसाइटी भवन से प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे के बीच अपनी पुस्तकें प्राप्त कर लेंगे।